दुनिया के अरबपतियों की सूची में बदलाव आया है। जहां भारतीय उद्योगपति गौतम अडानी को ब्लूमबर्ग अरबपतियों की सूची में दोहरा झटका लगा है, वहीं अर्नाल्ट अब 200 अरब डॉलर के क्लब में मस्क के साथ शामिल हो गए हैं।
अडानी समूह (adani group) के अध्यक्ष गौतम अडानी (gautam adani) ने एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का दर्जा खो दिया। इसके साथ ही अडानी दुनिया के टॉप-20 अमीरों की सूची से भी बाहर हो गए हैं। एशिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति का उनका दर्जा चीन के झोंग शानशान ने छीन लिया है। वहीं मुकेश अंबानी अभी भी 13वें स्थान पर हैं।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स की नवीनतम सूची में एलन मस्क पहले स्थान पर हैं। उनके पास कुल संपत्ति 234 अरब डॉलर है और इस साल अब तक उनकी संपत्ति में 96.6 अरब डॉलर की वृद्धि हुई है। बर्नार्ड अरनॉल्ट, जिनकी कुल संपत्ति 200 अरब डॉलर है। इस साल अब तक उन्होंने कुल 38.2 अरब डॉलर की कमाई की है।
जेफ बेजोस 154 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। इस साल उनकी संपत्ति में 47.4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। बिल गेट्स चौथे स्थान पर हैं। इस साल उनकी संपत्ति में 24.4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। उनकी कुल संपत्ति 134 अरब डॉलर हो गई है। पांचवें स्थान पर काबिज लैरी एलिसन ने इस साल 40.8 अरब डॉलर की कमाई की, जिससे उनकी कुल संपत्ति 133 अरब डॉलर हो गई।
गौतम अडानी अब 60.3 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ टॉप-20 से बाहर होकर 21वें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे ऊपर जूलिया फ्लेशर 62.3 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 20वें स्थान पर हैं। चीनी अरबपति झोंग शानशान 63.1 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 18वें स्थान पर हैं।