इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका, नहीं खेलेंगे कोहली

इंग्लैंड के खिलाफ 25 जनवरी से शुरू हो रही है टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. विराट कोहली (Virat Kohli) इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे. यह जानकारी बोर्ड ऑफ क्रिकेट कंट्रोल इन इंडिया (BCCI) ने दी. क्रिकेट बोर्ड ने बताया कि विराट कोहली निजी कारणों से पहले दो टेस्ट में उपलब्ध नहीं रहेंगे. बता दें कि भारत, इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच की सीरीज की मेजबानी कर रहा है और पहला टेस्ट मैच 25 जनवरी से हैदराबाद में खेला जाएगा.

BCCI ने किंग कोहली पर क्या बताया?

बीसीसीआई ने प्रेस रिलीज जारी करके बताया कि विराट कोहली ने निजी कारणों से पहले दो टेस्ट मैच से अपना नाम वापस लेने का आग्रह किया है. इस संबंध में उन्होंने कप्तान रोहित शर्मा, टीम मैनेजमेंट और चयनकर्ताओं से बात की है. उन्होंने बताया कि देश के लिए खेलना उनके लिए हमेशा प्राथमिक रहा है, लेकिन कुछ निजी परिस्थितियां ऐसी हैं जहां उनका मौज़ूद होना बहुत ज़रूरी है.

बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि बोर्ड और टीम मैनेजमेंट उनके इस फैसले का सम्मान करता है और उसे भरोसा है कि टीम के बाकी मेंबर्स विराट की अनुपस्थिति में टेस्ट सीरीज में बेहतरीन परफॉर्मेंस देंगे. साथ ही BCCI ने मीडिया और फैन्स से विराट कोहली की निजता का सम्मान करने को कहा है, साथ ही निजी कारणों पर किसी तरह से अफवाह का हिस्सा ना बनने की गुजारिश की है.

विराट कोहली की जगह टीम इंडिया में कौन होगा? चयनकर्ता रिप्लेसमेंट का ऐलान जल्द करेंगे. गौर करने वाली बात है कि बीते रविवार (21 जनवरी 2024) को ही विराट कोहली टीम से जुड़े थे. वो मुंबई से हैदराबाद के लिए रवाना हुए थे.

Leave a comment